अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबरों का सच, करीबियों ने कहा रूटीन चेकअप

अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबरों का सच, करीबियों ने कहा रूटीन चेकअप
X

मुंबई। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन के स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया और कुछ मीडिया हलकों में चल रही अफवाहों पर विराम लग गया है। दरअसल खबर आई थी कि 83 वर्षीय अभिनेता को मुंबई के नानावटी अस्पताल में गंभीर स्थिति में भर्ती कराया गया है। हालांकि उनके परिवार और करीबियों से मिली जानकारी के अनुसार यह केवल एक नियमित जांच थी और अभिनेता पूरी तरह स्वस्थ हैं।


एक वरिष्ठ मनोरंजन पत्रकार ने अपने यूट्यूब चैनल पर दावा किया था कि अमिताभ बच्चन को आगामी 16 मई को अस्पताल के ए-विंग की तीसरी मंजिल पर भर्ती कराया गया है। इस दावे के बाद उनके प्रशंसकों में चिंता की लहर दौड़ गई थी। जब इस खबर की पड़ताल की गई तो सच कुछ और ही निकला। अभिनेता के परिवार के एक करीबी सूत्र ने स्पष्ट किया कि वे केवल अपने मासिक रूटीन चेकअप के लिए शनिवार को अस्पताल गए थे और जांच प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद अपने घर लौट आए थे।


इन खबरों के बीच राहत की बात यह रही कि रविवार को अमिताभ बच्चन हमेशा की तरह अपने मुंबई स्थित आवास 'जलसा' के बाहर आए और वहां जुटे प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके अलावा उन्होंने मंगलवार की देर रात सोशल मीडिया पर अपने चिरपरिचित अंदाज में एक व्लॉग और पोस्ट भी साझा की। देर रात की गई इस पोस्ट में उन्होंने मजाकिया और दार्शनिक लहजे में कुछ पंक्तियां लिखीं जो उनके सामान्य और सक्रिय होने का प्रमाण हैं।


एक तरफ जहां पारिवारिक सूत्रों ने अस्पताल में भर्ती होने की खबरों को महज रूटीन चेकअप बताया है। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने कुछ समय पहले अभिनेता से मुलाकात का वक्त मांगा था लेकिन खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उन्हें समय नहीं दिया गया। इस वजह से कयास लगाए जा रहे थे कि वे चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में हैं।


यह सर्वविदित है कि अमिताभ बच्चन का स्वास्थ्य इतिहास काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। वर्ष 1982 में फिल्म 'कुली' की शूटिंग के दौरान हुए भीषण हादसे के बाद से ही वे कई तरह की शारीरिक समस्याओं का सामना करते रहे हैं। वर्तमान में उनका लिवर केवल 25 प्रतिशत क्षमता पर काम कर रहा है और वे अस्थमा जैसी दिक्कतों से भी जूझते हैं। यही कारण है कि वे नियमित अंतराल पर अपनी जांच कराते रहते हैं ताकि किसी भी संभावित समस्या से बचा जा सके। फिलहाल उनके प्रशंसकों के लिए तसल्ली की बात यह है कि वे अपने घर पर सुरक्षित हैं।

Tags

Next Story