धुरंधर में गूँजी बरसात की रात की मशहूर कव्वाली, कारवां की तलाश है के रीमिक्स को मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स

Update: 2025-12-11 07:37 GMT

हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर की यादें एक बार फिर ताज़ा हो गई हैं, क्योंकि 1960 में रिलीज हुई कालजयी फिल्म ‘बरसात की रात’ के लोकप्रिय गीतों में से एक बार फिर सुर्खियों में लौट आया है। निर्देशक पी. एल. संतोषी द्वारा बनाई गई इस यादगार फिल्म की कहानी रफी अजमेरी, शरसार शालिनी और भारत भूषण ने मिलकर लिखी थी। मधुबाला और भारत भूषण की मुख्य भूमिकाओं वाली यह फिल्म अपने संगीत और काव्यात्मक प्रस्तुति के कारण दशकों तक दर्शकों के दिलों में बसती रही।

फिल्म का सबसे चर्चित गीत रहा कव्वाली ‘कारवां की तलाश है’, जिसे दर्शकों ने उस दौर में बेहद सराहा था। इसकी धुन, कोरस और पेशकश ने इसे न सिर्फ सुपरहिट बनाया, बल्कि यह वर्षों तक महफिलों और संगीत प्रेमियों की पसंदीदा सूची में शामिल रहा। यह कव्वाली आज भी पुराने ज़माने के संगीत की सुंदरता और गहराई का उदाहरण मानी जाती है।

अब, समय के बदलाव और नई पीढ़ी की रुचि को ध्यान में रखते हुए, इस प्रतिष्ठित कव्वाली को आधुनिक अंदाज़ में नए सिरे से प्रस्तुत किया गया है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ में इसी गीत का रीमिक्स वर्ज़न शामिल किया गया है। मेकर्स ने पुराने संगीत के सार को बनाए रखते हुए इसे ताज़ा बीट्स और समकालीन अरेंजमेंट्स के साथ पेश किया है, जिससे युवा दर्शकों का भी इसमें नया रूझान देखने को मिल रहा है।

रीमिक्स रिलीज होते ही सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। क्लासिक गानों के नए रूप को लेकर अक्सर मिश्रित प्रतिक्रियाएँ देखने को मिलती हैं, लेकिन इस बार स्थिति बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। पुराने दौर के संगीत प्रेमी जहां इस गीत की यादों में खो जाते हैं, वहीं नई पीढ़ी इसके नए वर्ज़न को खूब पसंद कर रही है। कई यूजर्स ने लिखा कि धुरंधर का यह गीत फिल्म के आकर्षण को बढ़ा रहा है और इसमें क्लासिक संगीत को सम्मानजनक तरीके से आधुनिक रूप दिया गया है।

‘धुरंधर’ के मेकर्स का कहना है कि क्लासिक संगीत को नए दौर में प्रासंगिक बनाए रखना ही उनका उद्देश्य था और दर्शकों का मिल रहा यह सकारात्मक प्रतिसाद उनकी मेहनत को सार्थक बनाता है। स्पष्ट है कि ‘कारवां की तलाश है’ अपनी मूल आत्मा को बरकरार रखते हुए नए दौर के दर्शकों के बीच भी एक बार फिर लोकप्रिय होने लगी है।

Tags:    

Similar News