महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा का नया सफर: फिल्मी दुनिया में एंट्री, गाना ‘दिलजानिया’ 1 करोड़ पार
मोनालिसा जल्द ही निर्देशक सनोज मिश्रा की अपकमिंग फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का ट्रेलर पहले ही रिलीज किया जा चुका है, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। यह फिल्म मोनालिसा के फिल्मी करियर की आधिकारिक शुरुआत मानी जा रही है और माना जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट से उन्हें इंडस्ट्री में एक मजबूत पहचान मिल सकती है।
फिल्मों के साथ-साथ मोनालिसा म्यूजिक इंडस्ट्री में भी लगातार सक्रिय हैं। हाल ही में रिलीज हुआ उनका नया म्यूजिक वीडियो दिलजानिया इस समय यूट्यूब पर जबरदस्त चर्चा में है। इस गाने में मोनालिसा का रोमांटिक और आत्मविश्वास से भरा अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। रिलीज के कुछ ही समय में इस गाने ने 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं, जो उनकी बढ़ती लोकप्रियता का साफ संकेत है।
‘दिलजानिया’ में मोनालिसा की स्क्रीन प्रेजेंस और एक्सप्रेशन देखकर कई दर्शकों को यकीन ही नहीं हो पा रहा कि यही वह लड़की है, जो कुछ समय पहले तक साधारण जीवन जीते हुए महाकुंभ में माला बेचती नजर आई थी। गाने की सफलता के बाद मोनालिसा ने सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों का आभार भी जताया और कहा कि उन्हें मिल रहा प्यार उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।
मोनालिसा की यह यात्रा न सिर्फ उनके लिए बल्कि उन तमाम लोगों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित साधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का हौसला रखते हैं। महाकुंभ से शुरू हुआ उनका सफर अब फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री तक पहुंच चुका है, और आने वाले समय में उनसे और भी बड़े प्रोजेक्ट्स की उम्मीद की जा रही है।