यूट्यूबर अनुराग डोभाल की तबीयत बिगड़ी, एक्सीडेंट के बाद फेफड़ों को नुकसान, निमोनिया से जूझ रहे ‘UK07 Rider’

Update: 2026-03-14 08:45 GMT

लोकप्रिय यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग डोभाल की सेहत को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है। हाल ही में हुए एक दुर्घटना के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है। उनके मैनेजर की ओर से साझा किए गए हेल्थ अपडेट में बताया गया है कि एक्सीडेंट के कारण उनके फेफड़ों को गंभीर चोट पहुंची है और इसके चलते उन्हें निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी हो गई है। यह खबर सामने आते ही उनके चाहने वालों के बीच चिंता का माहौल बन गया है और सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।


अनुराग डोभाल के मैनेजर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक स्टोरी साझा करते हुए उनकी मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी। पोस्ट में बताया गया कि शुरुआत में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही थी, लेकिन बाद में उनकी तबीयत में गिरावट देखने को मिली। दुर्घटना के दौरान फेफड़ों को हुए नुकसान के कारण संक्रमण बढ़ गया, जिसके चलते उन्हें निमोनिया हो गया है। फिलहाल अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और उनके स्वास्थ्य पर करीबी नजर रखी जा रही है। मैनेजर ने अपने संदेश में फैंस और शुभचिंतकों से अनुरोध किया है कि वे अनुराग के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करें।


इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों ने चिंता व्यक्त की है और बड़ी संख्या में लोग उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। वहीं बीते दिन अनुराग डोभाल की पत्नी ऋतिका डोभाल ने भी अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए एक भावनात्मक संदेश साझा किया था। उन्होंने लिखा कि उनके लिए धन-दौलत और शोहरत से ज्यादा महत्व धर्म और कर्म का है। उनके इस संदेश को भी लोग अनुराग की मौजूदा स्थिति से जोड़कर देख रहे हैं और परिवार को हिम्मत बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं।


अनुराग डोभाल सोशल मीडिया की दुनिया में एक जाना-माना नाम हैं और ‘यूके07 राइडर’ के नाम से भी काफी लोकप्रिय हैं। उनके यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया मंचों पर लाखों की संख्या में फॉलोअर्स हैं। ऐसे में उनकी सेहत से जुड़ी खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों में चिंता बढ़ गई है। फिलहाल सभी की नजर उनके स्वास्थ्य अपडेट पर बनी हुई है और फैंस उनके जल्द स्वस्थ होकर वापस लौटने की उम्मीद कर रहे हैं।

Similar News