98 साल की उम्र में दिग्गज अभिनेत्री कामिनी कौशल का निधन, बॉलीवुड में शोक की लहर

हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पिछले कुछ समय से लगातार अपने कई दिग्गज कलाकारों को खो रही है। हाल ही में अभिनेता सतीश शाह के निधन की खबर ने सभी को गमगीन कर दिया था, वहीं उससे कुछ दिन पहले अभिनेत्री ज़रीन खान के जाने ने भी पूरे मनोरंजन जगत को झकझोर दिया। इसी बीच, बीते दिन दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की सेहत को लेकर चिंता बढ़ी हुई थी। अब एक और दुखद खबर सामने आई है, जिसने बॉलीवुड को गहरे सदमे में डाल दिया है।
सूत्रों के अनुसार, हिंदी सिनेमा की वरिष्ठ और प्रतिष्ठित अदाकारा कामिनी कौशल ने 98 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि परिवार द्वारा की गई है। जानकारी देते हुए परिवार ने यह भी अपील की है कि इस कठिन समय में उनकी निजता का सम्मान किया जाए। कामिनी कौशल ने दशकों तक अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज किया और भारतीय सिनेमा में अमिट छाप छोड़ी। उनके निधन की खबर सुनते ही फिल्म जगत के कई सितारों ने शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कामिनी कौशल का जाना बॉलीवुड की एक पूरी पीढ़ी के लिए किसी युग के अंत जैसा है। वह न केवल अपनी अदाकारी के लिए याद की जाएंगी, बल्कि अपनी गरिमा, सादगी और मजबूत व्यक्तित्व के लिए भी जानी जाती थीं। भारतीय सिनेमा के इतिहास में उनका स्थान हमेशा विशिष्ट रहेगा।
