कन्नड़ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ का पहला गाना ‘तबाही’ रिलीज, मेकर्स ने दिया फैंस को खास सरप्राइज

Update: 2026-03-02 09:29 GMT

कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार यश इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म के टीज़र के सामने आते ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था और तभी से फैंस इससे जुड़े हर अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं। इसी कड़ी में अब फिल्म का पहला गाना ‘तबाही’ आधिकारिक रूप से रिलीज कर दिया गया है, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था।

हाल ही में जब ‘तबाही’ गाने का पोस्टर सामने आया था, तभी से यह सोशल मीडिया पर सुर्खियों में छा गया था। पोस्टर में यश के साथ बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी की केमिस्ट्री ने फैंस का ध्यान खींचा। समुद्र किनारे बैठे दोनों कलाकारों की तस्वीरों ने रोमांटिक माहौल रच दिया था, वहीं एक अन्य पोस्टर में कियारा को यश की बाहों में देखा गया था, जिसने गाने को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी।

अब मेकर्स ने ‘तबाही’ को रिलीज तो कर दिया है, लेकिन एक अनोखे अंदाज में। फिलहाल इस गाने का केवल ऑडियो वर्ज़न ही जारी किया गया है। गाने के साथ कोई वीडियो नहीं रिलीज किया गया है, बल्कि उसी पोस्टर को थंबनेल के तौर पर इस्तेमाल किया गया है, जिसके जरिए पहले गाने का ऐलान किया गया था। इस फैसले ने फैंस को चौंकाया जरूर है, लेकिन साथ ही वीडियो सॉन्ग के लिए उत्सुकता भी दोगुनी कर दी है।

अगर फिल्म की रिलीज डेट की बात करें तो ‘टॉक्सिक’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म के टीज़र, पोस्टर और अब पहले गाने की रिलीज के बाद यह साफ है कि मेकर्स दर्शकों के बीच एक खास माहौल बनाने में कामयाब हो रहे हैं। आने वाले दिनों में फिल्म से जुड़े और भी बड़े खुलासों की उम्मीद की जा रही है।

Tags:    

Similar News