जब अनिल कपूर के साथ जोड़ा गया था माधुरी दीक्षित का नाम, जानिए क्या थी दोनों के रिश्ते की सच्चाई

Update: 2021-12-25 05:17 GMT

बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता अनिल कपूर काफी लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री के साथ जुड़े हुए हैं और वह आज भी फिल्मों में नजर आते हैं। अनिल कपूर ना सिर्फ एक उम्दा कलाकार हैं बल्कि यह एक प्रोड्यूसर भी हैं। इन्होंने कई फिल्में बनाई हुई हैं। 24 दिसंबर 1956 को चेंबूर, मुंबई महाराष्ट्र में जन्मे अनिल कपूर का आज जन्मदिन है। अनिल कपूर 65 साल के हो गए हैं। आपको बता दें कि अनिल कपूर के परिवार का नाता शुरू से ही बॉलीवुड इंडस्ट्री के साथ रहा है। अनिल कपूर फिल्म प्रोड्यूसर सुरेंद्र कपूर और निर्मल कपूर के बेटे हैं परंतु इसके बावजूद भी अनिल कपूर ने अपनी मेहनत के दम पर कामयाबी हासिल की है।

इंडस्ट्री में अपना करियर बनाने के लिए अनिल कपूर को काफी संघर्ष करना पड़ा था। आज इसी संघर्ष की बदौलत यह दुनिया भर में अभिनेता के रूप में अपनी पहचान बनाने में सफल हुए हैं। इतना ही नहीं बल्कि यह भारतीय फिल्मों के अलावा इंटरनेशनल फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।

अनिल कपूर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बतौर मुख्य अभिनेता तेलुगु फिल्म "वामसा वृक्षम (1980)" से की थी। बॉलीवुड में उन्होंने फिल्म "वो सात दिन" के माध्यम से बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया था। अनिल कपूर ने बॉलीवुड इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के साथ भी कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। एक समय ऐसा था जब इन दोनों की जोड़ी खूब हिट थी। फिल्मों के अलावा असल जिंदगी में भी इन दोनों की केमिस्ट्री बहुत अच्छी रही है।

अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित की जोड़ी दर्शकों द्वारा काफी पसंद की जाती थी। यह दोनों 'तेजाब' (1988), 'राम लखन' (1989) और 'किशन कन्हैया' (1990) और 'बेटा' (1992) जैसी 12 से अधिक फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर को पहली बार साल 1992 में आई फिल्म "बेटा" में साथ में देखा गया था और इसी के बाद से इन दोनों के अफेयर की खबरें सुर्खियों में छाने लगी थीं।

उस समय के दौरान अनिल कपूर पहले से ही शादीशुदा थे। साल 1984 में अनिल कपूर सुनीता कपूर संग विवाह के बंधन में बंधे थे परंतु इन सबके बावजूद भी एक समय ऐसा भी आया था, जब शादी शुदा अनिल कपूर के साथ माधुरी दीक्षित का नाम जोड़ा गया था।

माधुरी दीक्षित से अनिल कपूर के साथ उनके रिश्ते को लेकर कई सवाल उठने लगे थे। एक बार जब रिश्ते को लेकर सवाल किया गया तो माधुरी दीक्षित में इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी। अभिनेत्री ने यह कहा था कि "मैं उस जैसे इंसान के साथ कभी शादी नहीं करूंगी। वह बेहद भावुक हैं। मैं चाहती हूं कि मेरा पति एकदम कूल रहे। मैंने अनिल के साथ कई फिल्में की हैं, इसलिए मैं उनके साथ कंफर्टेबल हूं। सेट पर मैं अपने और अनिल के होने वाले अफेयर पर जोक भी क्रैक करती हूं।"

वहीं अनिल कपूर ने यह कहा था कि फिल्म को हिट कराने के लिए अक्सर हीरो-हीरोइन के लिंकअप की अफवाह उड़ा दी जाती है लेकिन इसके कुछ समय बाद माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर ने एक साथ फिल्मों में काम करना बंद कर दिया। माधुरी दीक्षित को ऐसा लगता था कि अफेयर की खबरों से कहीं अनिल कपूर का परिवार ना टूट जाए। अनिल कपूर ने एक बार तो यह भी बोला था कि वह अपनी पत्नी सुनीता के साथ बहुत खुश रहते हैं। अनिल कपूर अपने बच्चों से बहुत प्यार करते हैं

आपको बता दें कि अनिल कपूर ने आज जो मुकाम हासिल किया है उसके लिए उन्होंने अपने जीवन में खूब संघर्ष किया है। संघर्षों के दिनों में जब अनिल कपूर के पास पैसे नहीं होते थे तो उनकी पत्नी सुनीता ही उनका पूरा खर्च उठाया करती थीं। अनिल कपूर और सुनीता साल 1984 में विवाह के बंधन में बंधे थे। वहीं माधुरी दीक्षित ने साल 1999 में शादी की थी। आखरी बार साल 2019 में फिल्म "टोटल धमाल" में एक साथ माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर को देखा गया था।

Similar News