Dinesh Lal Yadav Starrer Bhojpuri Film Army: एक तरफ यूट्यूब पर भोजपुरी सुपरस्‍टार द‍िनेश लाल यादव के होली गीत धमाल मचा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी नई फ‍िल्‍म आर्मी की शूटिंग शुरू हो गई है। फैंस को बेसब्री से दिनेश लाल यादव निरहुआ की फ‍िल्‍मों का इंतजार रहता है और अब जल्‍द ही उनकी नई फ‍िल्‍म फैंस के बीच आने वाली है। कोरोना काल के दौरान भोजपुरी सिनेमा पर भी ब्रेक सा लग गया था। इस दौरान ना तो नई फ‍िल्‍में रिलीज हुईं और ना ही फ‍िल्‍मों की रिलीज हो सकी।

इस वजह से बॉलीवुड की तरह भोजपुरी सिनेमा को भारी नुकसान हुआ है। अब भोजपुरी फिल्म 'आर्मी' के मुहूर्त के साथ इस फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो गई। इस फ‍िल्‍म में निरहुआ, मुरली लालवानी और सुजीत कुमार सिंह नजर आएंगे। यह पहली बार है जब ये तीन सितारे एक साथ काम कर रहे हैं। फिल्म में ऋतु सिंह के अलावा जय सिंह, नीरज शर्मा, आदित्य शुक्ला, बाल कलाकार माही मिश्रा, रितेश कुमार भी अहम भूमिका में हैं।

इस मौके पर निरहुआ ने कहा, 'मेरा बचपन से सपना था कि 'आर्मी' में जाऊं। हाइट कम होने की वजह से मेरा सेलेक्शन नहीं हो पाया। मुझे बेहद खुशी और गर्व है कि 'आर्मी' (Army) फिल्म में काम कर रहा हूं।' निरहुआ और ऋतु सिंह ने इस फिल्‍म के लिए एक रोमांटिक गीत शूट किया है। यह फिल्म 'एक्शन पैक्ड' होगी जिसमें बॉर्डर पर शूटिंग से लेकर हेलीकॉप्टर शॉट भी शामिल हैं।

खास है निरहुआ का रोल

दिनेश लाल यादव निरहुआ का रोल इस फ‍िल्‍म में काफी खास है और इस बात की जानकारी खुद उन्‍होंने दी। उन्‍होंने कहा कि फिल्म 'आर्मी'में मेरा रोल काफी चुनौतीपूर्ण है, जिसके लिए मुझे काफी तैयारी करनी पड़ी है। उन्‍होंने अपने रोल को देश के जवानों को समर्पित किया है। ऋतु सिंह इस फिल्म में दिनेश लाल यादव की पत्नी का रोल कर रही हैं।